श्रीराम सेतु पर विराजेंगे प्रभु श्रीराम, एलिवेटेड फ्लाईओवर पर 22 फीट ऊंची प्रतिमा बनेगी गाजियाबाद की नई पहचान

गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद द्वारा शहर के सौंदर्यीकरण अभियान के अंतर्गत एलिवेटेड फ्लाईओवर स्थित श्रीराम सेतु को नई पहचान देने की दिशा में 22 फीट ऊंची भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बुधवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण कर प्रतिमा स्थापना से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बताया कि दिल्ली से गाजियाबाद आने वाले मार्ग पर पहले से निर्मित श्रीराम सेतु द्वार के साथ अब गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाले मार्ग पर भगवान श्रीराम की आकर्षक प्रतिमा स्थापित की जा रही है। लगभग 22 फीट ऊंची यह प्रतिमा अपनी भव्यता और कलात्मक स्वरूप के कारण शहर का नया आकर्षण बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थापित होने के बाद प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले लाखों लोगों को प्रभु श्रीराम के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को प्रतिमा की पेंटिंग, फिनिशिंग और संरचना की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिमा के चारों ओर आधुनिक एवं आकर्षक प्रकाश व्यवस्था भी विकसित की जाएगी, जिससे रात्रि के समय इसका सौंदर्य और अधिक निखरकर सामने आएगा। नगर निगम लगातार शहर को धार्मिक, सांस्कृतिक और सौंदर्यपरक पहचान देने की दिशा में कार्य कर रहा है। श्रीराम सेतु पर स्थापित की जा रही भगवान श्रीराम की यह भव्य प्रतिमा न केवल शहर की सुंदरता को नई ऊंचाई देगी, बल्कि गाजियाबाद की सांस्कृतिक पहचान का भी प्रमुख प्रतीक बनेगी।



