गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कलछीना के पास बुधवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन कांवडिय़ों की मौत के मामले में भोजपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। मृतक राजकुमार के पिता रामेश्वर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। पुलिस एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपित वाहन चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक अलीगढ़ जिले के थाना अतरौली क्षेत्र के गांव कलाई निवासी ज्ञान प्रकाश हरियाणा की एक जूता कंपनी में नौकरी करते थे। उनके साथ अलीगढ़ के थाना अकराबाद क्षेत्र के गांव रिसालदार निवासी राजकुमार और बदायूं जिले के थाना उशैद क्षेत्र के गांव नगला बची निवासी प्रदीप भी उसी कंपनी में कार्यरत थे। बताया गया कि तीनों मंगलवार रात ज्ञान प्रकाश की बाइक से हरियाणा से हरिद्वार कांवड़ लेने के लिए रवाना हुए थे। बुधवार सुबह करीब चार बजे जब वे भोजपुर थाना क्षेत्र में कलछीना के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर पहुंचे, तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। अज्ञात वाहन की टक्कर लगने के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों कांवडिय़ों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भोजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने बुधवार देर शाम पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराने के बाद तीनों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग शव लेकर अपने गांव रवाना हुए। मृतक राजकुमार के पिता रामेश्वर ने भोजपुर थाने में तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके।
इसके अलावा पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपित की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।



