गाजियाबाद

इस बार रामलीला में दिखेगा भव्यता का नया रंग, मेला भी होगा आकर्षण का केंद्र

गाजियाबाद। श्री सुल्लामल रामलीला कमेटी की कार्यकारिणी की बैठक में इस वर्ष होने वाली रामलीला और मेले को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक बनाने को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई। सोमवार को आयोजित बैठक में कमेटी के कोषाध्यक्ष सुधीर गोयल ने एक अप्रैल से अब तक का आय-व्यय का पूरा लेखा-जोखा कार्यकारिणी सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया। आगामी आयोजन को लेकर पिछले वर्ष की तुलना में करीब 10 प्रतिशत अधिक खर्च करने पर भी सदस्यों ने सहमति जताई। बैठक में भविष्य में लोगों को अल्ट्रासाउंड, एमआरआई सहित अन्य जरूरी मेडिकल जांच कम शुल्क में उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल जांच केंद्र स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। कमेटी पदाधिकारियों ने कहा कि सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा। कमेटी के अध्यक्ष अजय बंसल ने बताया कि इस वर्ष रामलीला का मंच पहले की तुलना में अधिक भव्य और आधुनिक बनाया जा रहा है। दर्शकों को बेहतर मंच व्यवस्था और आकर्षक प्रस्तुतियां उपलब्ध कराने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन स्थल पर दर्शकों की सुविधा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए भी तैयारियां की जा रही हैं। मेला मंत्री मोहित मित्तल ने बताया कि मेले और झूलों के परिसर में नीचे आकर्षक मैट बिछाई जाएगी। इससे मेला परिसर देखने में सुंदर होने के साथ धूल-मुक्त रखने में भी मदद मिलेगी। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए 50 से अधिक कर्मचारी तैनात किए जाएंगे, जो पूरे मेले के दौरान लगातार कूड़ा उठाने और सफाई व्यवस्था बनाए रखने का काम करेंगे। राम बारात मंत्री ने बताया कि करीब 20 वर्ष बाद दिल्ली का प्रसिद्ध जिया बैंड राम बारात में शामिल होगा। इस बार राम बारात में अलग-अलग थीम पर आकर्षक झांकियां देखने को मिलेंगी। भगवान श्रीराम के डोले को भव्य रूप से फूलों से सजाया जाएगा। इसके लिए कोलकाता से विशेष कारीगर बुलाए जाएंगे, जो फूलों की सजावट को आकर्षक स्वरूप देंगे। महामंत्री नरेश अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष सीता जी की विदाई के आयोजन को भी पहले से अधिक भव्य रूप दिया जा रहा है। आयोजन को भावनात्मक और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करने की तैयारी है, जिससे राम भक्त इस प्रसंग से भावनात्मक रूप से जुड़ सकें। सुभाष गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों में पिछले वर्ष की तुलना में अधिक आतिशबाजी की जाएगी। पुतला दहन के दौरान आतिशबाजी को आकर्षण का प्रमुख हिस्सा बनाया जाएगा। कमेटी की ओर से रामलीला, राम बारात, सीता विदाई और मेले को लेकर अलग-अलग स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। बैठक में वीरू बाबा, सुबोध गुप्ता, अशोक गोयल, अनिल चौधरी, सुधीर गोयल, रविंद्र मित्तल, संदीप मित्तल, नितिन मित्तल, दिनेश गोयल, नंदकिशोर नंदू, जयवीर शर्मा, मोहित मित्तल, दिनेश शर्मा बब्बे, राजेश बंसल, विनोद गोयल, विनय सिंघल, दिनेश अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, विजय मेंदी वाले और पार्षद नीरज गोयल सहित कार्यकारिणी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button