मोबाइल नंबर हैक कर खाते से उड़ाए 1.55 लाख रुपये, साइबर ठगों ने लगाया चूना
गाजियाबाद। गोकुलधाम सोसाइटी में रहने वाले अनिल सिंह रावत साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल नंबर के साथ छेड़छाड़ कर उसे हैक कर लिया और इसके बाद बैंक खाते से 1.55 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। खाते से रकम निकलने की जानकारी होने पर पीडि़त ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। अनिल सिंह रावत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 अगस्त को साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल नंबर को हैक कर लिया। इसके बाद ठगों ने उनके बैंक खाते को निशाना बनाया और खाते से 1.55 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए। मोबाइल नंबर के साथ छेड़छाड़ और खाते से रकम निकलने के बाद उन्हें साइबर ठगी का पता चला। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब बैंक खाते से हुए ट्रांजेक्शन, रकम किन खातों में गई और ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर समेत अन्य विवरण जुटा रही है। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि मामले में ट्रांजेक्शन और साइबर ठगों से जुड़े विवरण की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



