गाजियाबाद

पाकिस्तान को गोपनीय जानकारी भेजने वाले 13 जासूसों पर एनआईए की चार्जशीट 

साहिबाबाद। पाकिस्तान के लिए जासूसी कर संवेदनशील और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की जानकारी भेजने वाले 13 आरोपितों के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शनिवार को लखनऊ में चार्जशीट दाखिल की है। आरोपितों पर देश के खिलाफ आपराधिक साजिश रचने, प्रतिबंधित क्षेत्रों की रेकी करने और फोटो-वीडियो पाकिस्तान की संस्थाओं तक पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया गया है। कौशांबी थाना पुलिस ने 14 मार्च 2026 को जासूसी नेटवर्क से जुड़े 21 आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इनमें से 18 आरोपितों से संबंधित जांच एनआईए को स्थानांतरित की गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपितों ने प्रतिबंधित और अति संवेदनशील इलाकों में प्रवेश कर सिम आधारित स्पाई कैमरे लगाए थे। इन कैमरों के माध्यम से लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग की जाती थी। साथ ही फोटो खींचकर उनकी जियो-टैगिंग की जाती और यह सामग्री पाकिस्तान भेजी जाती थी। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपितों ने जासूसी गतिविधियों के लिए भारतीय सिम कार्डों का अवैध रूप से इंतजाम किया था। आरोपित सुहेल और उसके साथियों ने दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन तथा सोनीपत रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर स्पाई कैमरे लगाए थे। एनआईए की जांच में यह भी पता चला कि सुहेल ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बना रखा था। इस ग्रुप में सभी आरोपित संवेदनशील स्थानों से जुटाए गए फोटो और वीडियो अपलोड करते थे। अब तक आरोपितों द्वारा करीब 450 वीडियो पाकिस्तान भेजे जाने की बात सामने आई है। एनआईए ने चार्जशीट में आरोपितों की भूमिका, नेटवर्क और देश की सुरक्षा से जुड़े प्रतिष्ठानों की रेकी का विस्तृत उल्लेख किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button