गणेश अस्पताल के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़

गाजियाबाद। नंदग्राम स्थित श्री राधाकुंज, गली नंबर-4 में बिराज फाउंडेशन और गणेश अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। वीके पैथकैयर परिसर में लगाए गए शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और गणेश अस्पताल के चिकित्सकों से विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त किया। शिविर का उद्देश्य लोगों को उनके क्षेत्र में ही प्राथमिक स्वास्थ्य जांच और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराना था। शिविर में गणेश अस्पताल के फिजिशियन और अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। इस दौरान लोगों की लंबाई, वजन, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, पीएफटी, ईसीजी और हीमोग्लोबिन समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं। चिकित्सकों ने जांच रिपोर्ट के आधार पर मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही खान-पान, नियमित व्यायाम, दवाओं के सेवन और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह भी दी गई। शिविर में गणेश अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने मरीजों की जांच और परामर्श की जिम्मेदारी संभाली। डॉ. ललित, डॉ. इकरा, लोकेन्द्र, शिवानी, निधि मोहन सैनी और रीना समेत टीम के सदस्यों ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। चिकित्सकों ने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण ब्लड प्रेशर, मधुमेह और सांस से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में समय रहते जांच कराना बेहद जरूरी है। शिविर में पहुंचे लोगों ने गणेश अस्पताल की इस पहल की सराहना की। कई लोगों ने बताया कि स्थानीय स्तर पर नि:शुल्क जांच और चिकित्सकीय परामर्श मिलने से उन्हें काफी सुविधा हुई। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए इस तरह के शिविर विशेष रूप से उपयोगी साबित होते हैं। बिराज फाउंडेशन के संस्थापक बिराज सिंह ने वीके पैथकैयर का आभार जताते हुए कहा कि संस्था और गणेश अस्पताल की ओर से समय-समय पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को उनके क्षेत्र में ही स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कई लोग समय और आर्थिक कारणों से नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते। ऐसे लोगों के लिए नि:शुल्क शिविर काफी मददगार होते हैं। शिविर के माध्यम से लोगों को अपनी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी मिलती है और बीमारी की शुरुआती अवस्था में ही आवश्यक सावधानी बरतने का अवसर मिलता है। बिराज सिंह ने कहा कि भविष्य में भी गणेश अस्पताल के सहयोग से जनहित से जुड़े स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य जांच शिविर, जागरूकता अभियान और विशेषज्ञों के परामर्श कार्यक्रम शामिल होंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न बरतें और समय-समय पर आवश्यक जांच अवश्य कराएं। आयोजकों के अनुसार शिविर में जांच कराने वाले लोगों को उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की चिकित्सा संबंधी सलाह दी गई। गंभीर लक्षण वाले मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने और आवश्यकता पडऩे पर अस्पताल में विस्तृत जांच कराने की सलाह दी गई। शिविर के सफल आयोजन में बिराज फाउंडेशन, गणेश अस्पताल और वीके पैथकैयर की टीम का विशेष योगदान रहा।



