आईटीएस डेंटल कॉलेज ने 4100 मरीजों को दिया निशुल्क दंत उपचार

गाजियाबाद। आईटीएस डेंटल कॉलेज, मुरादनगर की ओर से अगस्त 2026 में गाजियाबाद के विभिन्न क्षेत्रों और सोसायटियों में दंत चिकित्सा स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में करीब 4100 मरीजों की जांच कर उन्हें निशुल्क परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया। शिविरों का उद्देश्य लोगों को मौखिक स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और दंत रोगों की समय रहते पहचान कर उपचार उपलब्ध कराना रहा। आईटीएस-द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आरपी चड्ढा और वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर विवेकानंद नगर, आकाश नगर, मोहन नगर, भोजपुर, भोपुरा, नेकपुर, रहीसपुर, विजयनगर, नंदग्राम, लोनी, प्रताप विहार, सुराना, निस्तौली और फरुखनगर सहित कई क्षेत्रों में लगाए गए। इसके अलावा चार्म्स कैसल, ऑफिसर सिटी-2, फॉर्च्यूनर रेजीडेंसी और आशियाना पाम जैसी सोसायटियों में भी मरीजों की दंत जांच की गई। शिविरों की शुरुआत मौखिक स्क्रीनिंग से हुई। चिकित्सकों ने मरीजों को दांतों की सडऩ, मसूड़ों की बीमारी, दंत फ्लोरोसिस और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। मरीजों को कैरियोजेनिक खाद्य पदार्थों के बारे में भी बताया गया, जो दांतों में सडऩ का कारण बनते हैं। इसके साथ ही मरीजों की दंत संबंधी समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें नियमित जांच और उपचार कराने के लिए प्रेरित किया गया। शिविरों में मरीजों के दांतों की सफाई, दांत निकालने, एक्स-रे, दांतों में मसाला भरने और सडऩ से बचाव के लिए एपीएफ जेल लगाने की सुविधा दी गई। चिकित्सकों ने संस्थान में उपलब्ध उन्नत उपचारों, जैसे डेंटल इंप्लांट, लैमिनेट्स, वेनीर्स, माइक्रोस्कोपिक रूट कैनाल ट्रीटमेंट, ब्रेसेस, एलाइनर्स, टीथ व्हाइटनिंग और हेयर ट्रांसप्लांट की जानकारी भी दी। संस्थान की ओर से भोजपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और मुरादनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संचालित सेटेलाइट केंद्रों के माध्यम से भी मरीजों को निशुल्क दंत उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। शिविरों में उपचार और परामर्श मिलने पर मरीजों ने आईटीएस डेंटल कॉलेज प्रबंधन का आभार जताया।




