ठेकेदार को एसडीओ से मारपीट पड़ी भारी, कोर्ट के आदेश पर एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज
मथुरा। कैंट क्षेत्र स्थित एमईएस जीई वेस्ट, मथुरा में तैनात सीनियर डिवीजनल ऑफिसर शिवराज मीणा के साथ कथित मारपीट के मामले में करीब दो माह बाद न्यायालय के आदेश पर थाना सदर बाजार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसडीओ शिवराज मीणा ने अपनी शिकायत में ठेकेदार दिव्य प्रकाश मंगला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को दोपहर करीब तीन बजे सीडब्ल्यूई कार्यालय के पास दिव्य प्रकाश मंगला ने अपनी गाड़ी उनके आगे लगाकर उन्हें रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद गाली-गलौज करते हुए उनके साथ हाथापाई की गई। मारपीट के दौरान वह जमीन पर गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि ठेकेदार ने उनका गिरेबान पकड़कर गला दबाया और धक्का दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गए। इस दौरान उनके बाएं हाथ में गंभीर चोट आई। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया और आरोपी मौके से चला गया।
शिकायत में एसडीओ ने आरोप लगाया कि दिव्य प्रकाश मंगला बिल्डर एसोसिएशन यूनियन के पद का कथित रूप से दुरुपयोग कर अन्य ठेकेदारों के काम कराने के लिए दबाव बनाता था तथा कमीशन लेकर कार्य कराने का दबाव डालता था।
पीड़ित ने घटना के संबंध में थाना सदर बाजार पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन करीब दो माह तक कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस स्तर पर राहत नहीं मिलने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली।



