जवाहर लाल नेहरू युवा केंद्र में सजेगा वॉलीबॉल का मैदान

गाजियाबाद। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर समाधान शक्ति सामाजिक संस्था की ओर से जवाहर लाल नेहरू युवा केंद्र, अंबेडकर रोड के सहयोग से वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से वॉलीबॉल की टीमें और खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। टूर्नामेंट को लेकर आयोजकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
आयोजक पप्पू पहलवान ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन दो अक्टूबर को सुबह 10 बजे जवाहर लाल नेहरू युवा केंद्र के मैदान में किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन सांसद अतुल गर्ग, विधायक संजीव शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी करेंगे। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में अलग-अलग जिलों से आने वाली टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। खिलाडिय़ों को बेहतर प्रतिस्पर्धा के साथ अपनी क्षमता को निखारने और आगे बढऩे का अवसर मिलेगा। पप्पू पहलवान ने कहा कि जिले और प्रदेश के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि प्रतिभावान खिलाडिय़ों को उचित मंच और बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं। इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाडिय़ों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट को सफल बनाने में जगत प्रकाश शर्मा, रविंद्र मित्तल, राजेंद्र मित्तल मेदी वाले, संजीव मित्तल, वीरो बाबा सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। आयोजकों की ओर से प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाडिय़ों और टीमों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजकों ने खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में जवाहर लाल नेहरू युवा केंद्र पहुंचकर प्रतियोगिता का आनंद लें और मैदान पर खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करें। आयोजकों का कहना है कि दर्शकों की मौजूदगी से खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ेगा और प्रतियोगिता का माहौल भी और अधिक उत्साहपूर्ण बनेगा।


