निजी पलों के वीडियो पोर्न साइटों पर अपलोड, दंपति के उड़े होश
गाजियाबाद। मोबाइल में सुरक्षित निजी पलों की तस्वीरें और वीडियो अश्लील वेबसाइटों पर प्रसारित होने की जानकारी मिलने पर एक दंपति के होश उड़ गए। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र निवासी महिला ने अज्ञात व्यक्ति पर उनके और पति के निजी फोटो व वीडियो विभिन्न अश्लील वेबसाइटों पर अपलोड करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल फोन में पति के साथ के निजी फोटो और वीडियो सुरक्षित थे। आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से कोई अज्ञात व्यक्ति इन तस्वीरों और वीडियो को विभिन्न अश्लील वेबसाइटों पर प्रसारित कर रहा है। इसकी जानकारी होने पर दंपति परेशान हो गए। महिला का कहना है कि इस घटना से उन्हें सामाजिक बदनामी की चिंता के साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है। महिला ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस से जांच कर निजी सामग्री इंटरनेट पर अपलोड करने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसके खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि निजी फोटो और वीडियो किसने, कब और किस माध्यम से वेबसाइटों पर साझा किए। साथ ही, सामग्री इंटरनेट पर प्रसारित किए जाने से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


