फर्जी कागजों से जमीन बेचने की कोशिश का आरोप, पति समेत नौ पर केस
गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र के शंकरपुरी में रहने वाली महिला ने पति समेत नौ लोगों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बेचने की कोशिश, चारदीवारी और सीसीटीवी कैमरे तोडऩे तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस से प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर विजयनगर थाने में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शंकरपुरी निवासी रश्मि यादव ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी शादी 20 फरवरी 2007 को उमेश यादव से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद पति शराब पीकर मारपीट करता था और बाद में उन्हें दो बेटों के साथ घर से निकाल दिया। वर्ष 2020 में उन्होंने घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कराया था। महिला के मुताबिक 29 अगस्त 2023 को हुए समझौते में पति के हिस्से की करीब साढ़े सात बीघा जमीन में से तीन बीघा जमीन उनके और दोनों बेटों के नाम बराबर-बराबर की गई थी। आरोप है कि बाद में पति ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का कुछ हिस्सा बेच दिया। महिला के अनुसार 28 जून 2025 को उमेश यादव, अंकित त्यागी और अन्य लोग जमीन पर पहुंचे और चारदीवारी तथा सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। दोबारा चारदीवारी कराने पर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि अगले दिन, 30 जून और सात जुलाई को भी तोडफ़ोड़ की गई। महिला ने आरोप लगाया कि ग्राम युसूफपुर चक शाहबेरी, पुराना हैबतपुर, तहसील दादरी, गौतमबुद्धनगर स्थित जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए। इन दस्तावेजों के आधार पर जमीन का कुछ हिस्सा बेच दिया गया, जबकि शेष पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। महिला ने उमेश यादव के अलावा अंकित त्यागी, मैनाज खातून, जियोल नागर उर्फ सेठी, नियाज, मैराज, विपिन सिंह, सुदीप जैसवाल और नेहा समेत अन्य पर आरोप लगाए हैं। महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी उन्हें, उनके दोनों बच्चों, ससुर और देवर को धमकाते हैं तथा खुद को सुंदर भाटी गिरोह का सदस्य बताकर डराते हैं। एसीपी कोतवाली उपासना पाण्डेय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आठ अक्टूबर को विजयनगर थाने में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


