भीषण हादसे के बीच हाइड्रोलिक कटर से बचाईं दो जिंदगियां
गाजियाबाद। दिल्ली-हापुड़ राजमार्ग पर मसूरी थाने के सामने बने फ्लाईओवर पर सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में अग्निशमन विभाग की टीम देवदूत बनकर पहुंची। दो पिकअप वाहनों की टक्कर के बाद एक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंसे दो लोगों को अग्निशमन कर्मियों ने हाइड्रोलिक कटर और फैलाने वाले उपकरणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायलों की पहचान सुनील कुमार और जोगेंद्र सिंह के रूप में हुई। दोनों को तत्काल एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजा गया। अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से समय रहते दोनों की जान बच गई और हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। अग्निशमन विभाग के अनुसार, सोमवार को शाम 5:40 बजे अग्निशमन केंद्र कोतवाली को सूचना मिली कि मसूरी थाने के सामने दिल्ली-हापुड़ फ्लाईओवर पर दो पिकअप वाहनों की टक्कर हो गई है और दो लोग केबिन में फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही अग्निशमन कर्मियों की बचाव टीम अत्याधुनिक हाइड्रोलिक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र कोतवाली की टीम ने बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया। वाहन के केबिन में दोनों व्यक्ति बुरी तरह फंसे हुए थे, इसलिए उन्हें निकालने के लिए तकनीकी दक्षता, सूझबूझ और सावधानी की जरूरत थी। टीम ने समन्वय के साथ काम करते हुए दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और समय पर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।


