कौशांबी में बैटरी स्टोरेज वाले ऑफिस में लगी आग, तीन फायर टेंडरों ने पाया काबू-दो डिलीवरी होज लाइन से बुझाई आग, एग्जॉस्ट फैन से बेसमेंट का धुआं निकाला

गाजियाबाद। कौशांबी स्थित सेंट्रल पार्क के पास बुधवार को बैटरी स्टोरेज वाले एक ऑफिस के बेसमेंट में आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वैशाली फायर स्टेशन की टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला और तीन फायर टेंडरों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया। बेसमेंट में काफी मात्रा में बैटरियां रखी होने और धुआं भरने के कारण अग्निशमन कर्मियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सौरभ कुमार सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने समन्वित कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। अग्निशमन विभाग के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1:14 बजे फायर स्टेशन वैशाली को चार्ली-2 के माध्यम से सेंट्रल पार्क, कौशांबी के पास आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दो फायर टेंडरों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। इसी दौरान क्षेत्र में फायर रिस्क निरीक्षण कर रहे प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए। स्थिति को देखते हुए वैशाली फायर स्टेशन से एक अतिरिक्त फायर टेंडर भी घटनास्थल पर बुलाया गया। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि कौशांबी के मकान नंबर डी-53 के बेसमेंट में संचालित ड्रोन यार्ड नामक ऑफिस में आग लगी है। यहां काफी मात्रा में बैटरियों का स्टोरेज किया गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह इनवर्टर फटना बताई गई। फायर सर्विस यूनिट ने बिना देरी किए दो डिलीवरी होज लाइन बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू किया। बेसमेंट में धुआं भरने के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण थी, इसलिए एग्जॉस्ट फैन की मदद से धुएं को बाहर निकालने की व्यवस्था भी की गई। बेसमेंट में केवल एक सीढ़ी होने के कारण अग्निशमन टीम को आग बुझाने और धुएं के बीच काम करने में अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। कुछ समय की लगातार कार्रवाई के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई। आग लगने के समय बेसमेंट में चार लोग मौजूद थे, जो स्वयं सुरक्षित बाहर निकल आए। भवन स्वामी ईवा सक्सेना हैं, जबकि बेसमेंट में संचालित ऑफिस के मालिक सचिन अरोरा और विपिन सिंह बताए गए हैं। सीएफओ सौरभ कुमार सिंह के निर्देशन में फायर सर्विस टीम की त्वरित कार्रवाई, संसाधनों की उपलब्धता और आपसी समन्वय से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। बैटरियों के स्टोरेज वाले बेसमेंट में आग और धुएं की स्थिति को देखते हुए अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझाने के साथ धुआं निकालने पर भी ध्यान दिया। विभाग के अनुसार, घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।


