आगरा खंड स्नातक-शिक्षक निर्वाचन को लेकर डीएम-एसएसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

मथुरा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने मथुरा जनपद स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नंदगांव स्थित क्षेत्र पंचायत कार्यालय, कोसीकलां नगर पालिका परिषद कार्यालय तथा छाता क्षेत्र पंचायत कार्यालय में बनाए गए मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और मार्ग व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त रहें, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने निर्वाचन से संबंधित व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 19-19 मतदेय स्थल तथा 15-15 मतदान केंद्र हैं। आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 6694 तथा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 10669 मतदाता पंजीकृत हैं।



