गाजियाबाद

तिरंगे के रंग में रंगा गाजियाबाद, एनडीआरएफ जवानों ने निकाली भव्य बाइक-साइकिल रैली-तिरंगे के साथ गूंजे देशभक्ति के नारे, कहा-तिरंगा देश की एकता और अखंडता का प्रतीक

गाजियाबाद। देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), गाजियाबाद की ओर से बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य साइकिल एवं बाइक रैली निकाली गई। कमांडेंट सुदेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित रैली में एनडीआरएफ के अधिकारियों और जवानों ने पूरे उत्साह, जोश और अनुशासन के साथ हिस्सा लिया। तिरंगे से सजी साइकिलों और बाइकों के साथ निकली रैली ने क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बना दिया। रैली के दौरान एनडीआरएफ जवानों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘हर घर तिरंगा-हर दिल तिरंगाÓ और ‘तिरंगा हमारी शान है, भारत की पहचान है’ जैसे जोशीले नारों से वातावरण को देशभक्ति से भर दिया। रैली के माध्यम से आमजन को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। कमांडेंट सुदेश कुमार ने कहा कि हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकजुटता की सामूहिक अभिव्यक्ति है। तिरंगा देश की स्वतंत्रता, शौर्य, त्याग, एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से पूरे उत्साह के साथ अभियान का हिस्सा बनने और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का आह्वान किया। रैली का शुभारंभ 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ के प्रशासनिक ब्लॉक से हुआ। इसके बाद साइकिल और बाइक रैली केंद्रीय विद्यालय, शिव मंदिर और हरसांव होते हुए वापस वाहिनी मुख्यालय पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली में एनडीआरएफ के अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। एनडीआरएफ की यह पहल ‘सेवा, सुरक्षा और राष्ट्रभक्ति’ की भावना के अनुरूप राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button