गाजियाबाद

कार की स्टीयरिंग सीट पर मिली युवक की लाश, मचा हड़कंप 

गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र में कार के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक अपनी ग्रैंड विटारा कार की स्टीयरिंग सीट पर मृत अवस्था में मिला। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार की जांच करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मृतक की पहचान प्रताप विहार निवासी अनुराग श्रीवास्तव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक अनुराग रोज की तरह शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अपनी कार से काम के सिलसिले में घर से निकले थे। दोपहर बाद उनकी कार संदिग्ध हालत में खड़ी मिली। कार के अंदर अनुराग बेसुध अवस्था में पड़े थे। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कविनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को बाहर निकालकर जांच पड़ताल शुरू की।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार और आसपास के क्षेत्र की जांच की। युवक को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला अचानक तबीयत बिगडऩे से मौत का लग रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है। कार किस स्थान पर खड़ी थी और युवक वहां किस परिस्थिति में पहुंचा, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें। अनुराग की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर स्तब्ध रह गए। परिवार के अनुसार अनुराग रोजमर्रा की तरह काम के लिए घर से निकले थे और किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद उनकी मौत की खबर मिलेगी। कविनगर थाना प्रभारी ने बताया कि युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में कार्डियक अरेस्ट की बात सामने आई है, हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button