गाजियाबाद

यूनानी चिकित्सा की बारीकियां सीखने पहुंचे फार्मेसी के विद्यार्थी-औषधीय पौधों, दवा निर्माण और गुणवत्ता नियंत्रण की प्रक्रियाओं को करीब से समझा

गाजियाबाद। डासना स्थित एसडीजीआई ग्लोबल विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित सुंदर दीप फार्मेसी कॉलेज के डिप्लोमा फार्मेसी प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय यूनानी चिकित्सा केंद्र, गाजियाबाद में शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को यूनानी चिकित्सा पद्धति के सिद्धांतों, औषधीय पौधों, पारंपरिक औषध निर्माण प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण और चिकित्सीय उपयोग की व्यावहारिक जानकारी देना रहा। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने केंद्र के विभिन्न अनुभागों और सुविधाओं का अवलोकन किया। विशेषज्ञों ने उन्हें यूनानी औषधियों के निर्माण, संरक्षण, मानकीकरण और उपयोग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। विद्यार्थियों को औषधीय द्रव्यों की भूमिका तथा पारंपरिक चिकित्सा पद्धति और आधुनिक फार्मेसी के बीच संबंध के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया और विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक कार्यप्रणाली से जोडऩे का अवसर मिला। इससे उनमें भारतीय पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रुचि विकसित हुई। सुंदर दीप फार्मेसी कॉलेज के निदेशक प्रो. (डॉ.) आर.डी. गुप्ता ने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे छात्रों को पाठ्यक्रमीय ज्ञान के साथ वास्तविक कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिलता है और वे एक कुशल, जागरूक एवं जिम्मेदार फार्मेसी पेशेवर बनने की दिशा में आगे बढ़ते हैं। विद्यार्थियों ने भ्रमण को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उन्हें यूनानी चिकित्सा पद्धति को नजदीक से समझने तथा पारंपरिक चिकित्सा और आधुनिक फार्मास्यूटिकल विज्ञान के बीच संबंधों को जानने का महत्वपूर्ण अवसर मिला। यह शैक्षणिक भ्रमण विश्वविद्यालय के चेयरमैन एवं कुलाधिपति महेंद्र अग्रवाल, वाइस चेयरमैन अखिल अग्रवाल, प्रो-कुलाधिपति नितिन अग्रवाल, प्रो-कुलाधिपति (प्रशासन) पीयूष श्रीवास्तव, कुलपति प्रो. (डॉ.) परसंजीत कुमार तथा कुलसचिव डॉ. राजीव रतन के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button