प्लॉट की बाउंड्री पर हथियारबंदों ने बरसाईं गोलियां, 20 लाख की रंगदारी का आरोप
-10 से 15 हमलावरों पर फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ का आरोप, ईंटों के पीछे छिपकर बचाई जान, वीडियो वायरल
मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र के बाजना गांव में सोमवार शाम प्लॉट की बाउंड्री करा रहे लोगों पर हथियारबंद लोगों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। पीड़ित दीपक ने आरोप लगाया है कि बाउंड्री का काम शुरू कराने से पहले उससे 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रकम नहीं देने पर 10 से 15 लोग हथियारों से लैस होकर प्लॉट पर पहुंचे और गोलियां चलाने लगे। घटना का 1 मिनट 19 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।जैंत थाना क्षेत्र के छरौरा निवासी दीपक के अनुसार, बाजना में खसरा संख्या 138 की भूमि पर बाउंड्री का काम चल रहा था। इसी दौरान ब्रजमोहन, लोकेश और कनक समेत कई लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने रायफल, तमंचे और पिस्टल से दीपक, उसके भाई प्रमोद तथा साथियों पर गोलीबारी की। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर भगदड़ मच गई और लोग ईंटों की आड़ लेकर जान बचाते दिखाई दिए। हमलावरों पर दो वाहनों में तोड़फोड़ करने का भी आरोप है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। हाईवे थाना पुलिस ने तहरीर लेकर आरोपों और वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना में प्रयुक्त हथियारों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।



