इंद्रप्रस्थ योजना में चार मंजिलों के फ्लैटों में लगी भीषण आग, दमकल ने समय रहते पाया काबू

गाजियाबाद। इंद्रप्रस्थ योजना के डी-ब्लॉक स्थित फ्लैटों में बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग अपर ग्राउंड फ्लोर से लेकर तीसरी मंजिल तक फैल गई थी। सूचना मिलते ही साहिबाबाद और लोनी फायर स्टेशन की टीमों ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी व्यक्ति के झुलसने या घायल होने की सूचना नहीं है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार 7 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:20 बजे फायर स्टेशन साहिबाबाद को इंद्रप्रस्थ योजना के डी-ब्लॉक स्थित फ्लैटों में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही साहिबाबाद फायर स्टेशन से दो फायर टेंडर और लोनी फायर स्टेशन से एक फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी, लोनी भी मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि भवन लोअर ग्राउंड से तीसरी मंजिल तक बना हुआ है और आग अपर ग्राउंड से तीसरी मंजिल तक फैल चुकी थी। आग की स्थिति को देखते हुए फायर सर्विस यूनिट ने तत्काल हौज लाइन फैलाकर एमएफई के माध्यम से पंपिंग शुरू की। दमकल कर्मियों ने अलग-अलग हिस्सों में पहुंचकर पानी की बौछार की और आग को फैलने से रोकते हुए उस पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। सीएफओ सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि आग मुख्य रूप से फ्लैटों के पीछे की तरफ बनी बालकनियों और कमरों में लगी थी। दमकल टीम ने पहले आग की तीव्रता को नियंत्रित किया और उसके बाद एक-एक हिस्से में जाकर आग को पूरी तरह बुझाया। त्वरित कार्रवाई के कारण आग को भवन के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया गया। आग बुझने के बाद दमकल अधिकारियों ने पूरे भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण में सामने आया कि अपर ग्राउंड फ्लोर पर विक्रम सिंह, प्रथम तल पर वेदांत भारद्वाज और द्वितीय तल पर हिमांशु चौधरी के फ्लैट थे। तीसरी मंजिल का फ्लैट बैंक द्वारा बंद बताया गया। आग के कारण प्रत्येक प्रभावित तल की पीछे वाली बालकनी में रखा सामान और एक-एक कमरे में रखा कुछ घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हुआ है। हालांकि आग से किसी व्यक्ति को चोट नहीं पहुंची और कोई जनहानि नहीं हुई। सीएफओ ने बताया कि आग लगने के कारणों की जानकारी के लिए स्थलीय निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि आग की सूचना मिलते ही फायर यूनिटों ने जिस तेजी से घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की, उससे आग को और अधिक फैलने से रोकने में सफलता मिली। दमकल कर्मियों की तत्परता और समन्वित कार्रवाई के कारण स्थिति को जल्द सामान्य कर लिया गया। फायर विभाग ने आसपास के लोगों से भी अपील की है कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दें और दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने के लिए रास्ता उपलब्ध कराएं।


