गाजियाबाद

आधी रात फैक्टरी में धधकी आग, सात दमकल गाडिय़ों ने संभाला मोर्चा 

गाजियाबाद। बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित एविनिक्स डिजाइन कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्टरी में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। रात करीब 1:11 बजे आग की सूचना मिलते ही फायर विभाग सक्रिय हो गया। कोतवाली फायर स्टेशन से अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में तत्काल दमकल की गाडिय़ां और बाउजर मौके के लिए रवाना किए गए। आग की तीव्रता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह के निर्देश पर वैशाली और साहिबाबाद फायर स्टेशन से भी दमकल वाहनों को मौके पर बुलाया गया। कुल सात दमकल वाहनों की मदद से फायर टीम ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग प्लॉट नंबर सी-87/1 स्थित फैक्टरी के भूतल पर लगी थी। फैक्टरी में आग और धुआं काफी अधिक होने के कारण अंदर जाकर आग बुझाना चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद दमकलकर्मियों ने सुरक्षा उपकरणों के साथ भवन के अंदर प्रवेश कर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि फैक्टरी में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। फायर विभाग के अनुसार, रात 1:11 बजे कोतवाली फायर स्टेशन को एविनिक्स डिजाइन कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में तीन फायर टेंडर और बाउजर समेत फायर यूनिट को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। इसके साथ ही बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित स्वदेशी कंपाउंड से भी एक फायर टेंडर मौके पर भेजा गया। दमकल टीम के घटनास्थल पर पहुंचते ही आग की स्थिति का जायजा लिया गया। भवन के भूतल पर आग तेजी से फैल रही थी। टीम ने बिना समय गंवाए दो होज लाइन बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। आग की तीव्रता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह ने अतिरिक्त संसाधन मौके पर भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद वैशाली और साहिबाबाद फायर स्टेशनों से भी दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंच गए। फैक्टरी के तीनों तरफ अन्य फैक्टरियां होने के कारण दमकलकर्मियों के सामने आग बुझाने के लिए सीमित स्थान उपलब्ध था। टीम को मुख्य रूप से सामने की ओर से ही फायर फाइटिंग करनी पड़ रही थी। भवन के अंदर आग और धुआं अधिक होने से स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई। ऐसे में दमकलकर्मियों ने सुरक्षा उपकरण बी-सैट पहनकर भवन के अंदर प्रवेश किया और आग के स्रोत तक पहुंचने का प्रयास किया। अंदर का तापमान और धुएं की स्थिति चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद कर्मचारियों ने समन्वय के साथ लगातार फायर फाइटिंग जारी रखी। बाहर मौजूद टीम ने भी पानी की होज लाइनों के माध्यम से लगातार दबाव बनाए रखा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह की निगरानी में विभिन्न फायर स्टेशनों से पहुंची टीमों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। दमकलकर्मियों की तत्परता और आपसी समन्वय के चलते आग को आसपास की फैक्टरियों तक फैलने से रोकने में सफलता मिली। सीएफओ सौरभ कुमार सिंह ने कहा कि सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया और टीमों ने समन्वित तरीके से कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि आग के दौरान सबसे पहली प्राथमिकता आसपास के क्षेत्र में आग को फैलने से रोकना और किसी भी तरह की जनहानि को रोकना थी। उन्होंने दमकल टीम के कर्मचारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी कर्मचारियों ने साहस और सतर्कता के साथ अंदर जाकर फायर फाइटिंग की। बी-सैट पहनकर भवन में प्रवेश करना और धुएं के बीच आग के स्रोत तक पहुंचकर उसे नियंत्रित करना टीम की तत्परता और प्रशिक्षण को दर्शाता है। फायर विभाग के अनुसार आग से फैक्टरी में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हुआ है। आग लगने के कारणों और संपत्ति के नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। फिलहाल घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। फायर टीम की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास की औद्योगिक इकाइयों तक पहुंचने से रोक लिया गया, जिससे संभावित रूप से बड़ा नुकसान टल गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button