80 फीट तिरंगे के साथ गाजियाबाद में निकली भव्य रैली, महापौर-नगर आयुक्त ने दिया राष्ट्रप्रेम और स्वच्छता का संदेश

गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर निगम अधिकारी, पार्षद और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने देशभक्ति के नारे लगाए और वंदे मातरम् तथा राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया। समारोह के बाद नगर निगम की छात्राओं और अध्यापिकाओं के साथ 80 फीट लंबे तिरंगे को लेकर भव्य रैली निकाली गई, जिसने शहर में राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर युवा और हर नागरिक को तिरंगे का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के साथ ‘हर मन तिरंगा’ की भावना को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश और शहर को आगे बढ़ाने में युवा वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को सकारात्मक सोच और स्वतंत्र विचारों के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। नगर आयुक्त ने नगर निगम के विद्यालयों की छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छात्राएं प्रदेश और देश स्तर पर गाजियाबाद का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। ध्वजारोहण के बाद महापौर, नगर आयुक्त, निगम अधिकारी, पार्षद, छात्राओं और अध्यापिकाओं ने नगर निगम मुख्यालय से दुर्गा भाभी चौक तक भव्य तिरंगा रैली निकाली। रैली में 80 फीट का विशाल तिरंगा आकर्षण का केंद्र रहा। देशभक्ति के नारों के बीच निकली रैली ने पूरे माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। रैली के दौरान महापौर और नगर आयुक्त ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाया तथा उन्हें चॉकलेट वितरित कीं। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद राजीव शर्मा सहित निगम के अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। रैली में शामिल लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशी साझा की। महापौर सुनीता दयाल ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को याद करते हुए कहा कि आज देशवासियों को मिली स्वतंत्रता वीर शहीदों के संघर्ष और बलिदान की देन है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की चिंता किए बिना देश को आजाद कराने के लिए संघर्ष किया। अब देश, प्रदेश और अपने शहर को समृद्ध बनाने की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है। महापौर और नगर आयुक्त ने शहरवासियों से स्वतंत्रता दिवस के साथ स्वच्छता का संकल्प लेने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर शहर बनाए रखना केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। शहर की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने में पार्षदों, सामाजिक संस्थाओं, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और शहरवासियों का लगातार सहयोग मिल रहा है। उन्होंने इसी सहयोग को आगे बढ़ाने और स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।




