रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी की सौगात, अब मिलेंगे तीन हजार रुपये-प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइयों का सम्मान, विधायक ने बढ़ाया उत्साह

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के सम्मान और उन्हें स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को विकास भवन स्थित दुर्गावती सभागार में सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गाजियाबाद विधायक संजीव शर्मा रहे। इस दौरान रसोइयों के मानदेय में महत्वपूर्ण वृद्धि की घोषणा की गई, जिसके बाद कार्यक्रम में मौजूद रसोइयों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ और बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव सहित विभागीय अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री पोषण योजना के सफल संचालन में रसोइयों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए गए, जिससे उन्हें उपचार के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। कार्यक्रम में रसोइयों के मासिक मानदेय को दो हजार रुपये से बढ़ाकर तीन हजार रुपये किए जाने की घोषणा की गई। मानदेय में एक हजार रुपये की वृद्धि की जानकारी मिलते ही रसोइयों में उत्साह दिखाई दिया। उपस्थित रसोइयों ने इसे अपने कार्य के प्रति सरकार की ओर से सम्मान और प्रोत्साहन के रूप में देखा।
वक्ताओं ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वे प्रतिदिन विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने से लेकर उसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाती हैं। उनके योगदान से प्रधानमंत्री पोषण योजना को जमीनी स्तर पर सफल बनाने में मदद मिल रही है। रसोइयों का सम्मान उनके कार्य के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ उनके मनोबल को बढ़ाने का भी माध्यम है। कार्यक्रम का आयोजन जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी किया गया। मोदीनगर तहसील में विधायक मंजू शिवाच तथा लोनी तहसील में विधायक नंदकिशोर गुर्जर की उपस्थिति में रसोइयों का सम्मान किया गया। दोनों स्थानों पर रसोइयों को प्रोत्साहित करने के साथ कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए गए। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में रसोइयों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ गाजियाबाद के प्रांतीय अध्यक्ष अनुज त्यागी, जिला समन्वयक मध्यान्ह भोजन टिंकू कंसल, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा डॉ. राकेश, जिला समन्वयक एमआईएस रुचि त्यागी, ईएमआईएस प्रभारी विजय बघेल, जिला समन्वयक प्रशिक्षण सुश्री सिंपल चौधरी और कंप्यूटर ऑपरेटर नरेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एसआरजी श्रीमती पूनम शर्मा ने किया। मानदेय में वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा कार्ड की सुविधा मिलने से रसोइयों ने प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम के माध्यम से उनके कार्य के सम्मान के साथ यह संदेश भी दिया गया कि विद्यालयों में बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्था में योगदान देने वाले रसोइयों का कल्याण भी महत्वपूर्ण है।



