घर-घर पहुंचकर मतदाता सूची की खामियां दूर करेंगे कर्मचारी, पात्रों के जुड़ेंगे नाम

गाजियाबाद। मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिले में घर-घर मतदाता जागरूकता एवं नाम पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) लोनी दीपक सिंघनवाल ने संबंधित कार्मिकों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान प्रत्येक घर तक पहुंचकर परिवार के सभी पात्र सदस्यों के मतदाता सूची में नाम दर्ज होने की जानकारी जुटाई जाए। दीपक सिंघनवाल ने निर्देश दिए कि जिन पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, उन्हें पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही नाम, पता अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत संशोधन कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यों को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ संपन्न किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6, नाम हटाने अथवा नाम शामिल किए जाने पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फार्म-7 और नाम, पता सहित अन्य विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 की व्यवस्था है। सभी कार्मिक नागरिकों को इनकी प्रक्रिया की जानकारी दें और प्राप्त आवेदनों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने में सहयोग करें। मतदाता भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर से लॉगिन या पंजीकरण करने के बाद आवश्यकतानुसार फार्म-6, फार्म-7 अथवा फार्म-8 का चयन कर विवरण और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन जमा होने पर मिलने वाली संदर्भ संख्या से उसकी स्थिति भी देखी जा सकती है। इसके अलावा मतदाता हेल्पलाइन मोबाइल एप और बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।


