शहर में एक भी स्ट्रीट लाइट बंद मिली तो होगी तत्काल कार्रवाई, महापौर ने दिए सख्त निर्देश

गाजियाबाद। शहर में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर और सुचारु बनाए रखने के लिए महापौर सुनीता दयाल ने नगर निगम के प्रकाश विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में एक भी स्ट्रीट लाइट लंबे समय तक बंद नहीं रहनी चाहिए। बरसात के कारण खराब होने वाली लाइटों की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाए और जहां नई लाइट की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर नई लाइट लगाई जाए। महापौर ने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए अभी से प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए, ताकि त्योहारों के दौरान निगम पर अतिरिक्त दबाव न पड़े। महापौर ने प्रकाश विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात के मौसम में लाइट खराब होने की शिकायतें बढ़ सकती हैं, इसलिए सभी टीमों को सक्रिय रखा जाए। पार्षदों या शहरवासियों की ओर से किसी भी क्षेत्र में लाइट बंद होने की शिकायत मिलती है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और मौके पर टीम भेजकर समस्या का समाधान कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर की किसी भी सड़क, मुख्य मार्ग, कॉलोनी या सार्वजनिक स्थान पर प्रकाश व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए। यदि कहीं नई लाइट लगाने की जरूरत है तो वहां भी बिना अनावश्यक देरी के कार्य कराया जाए, जिससे रात के समय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि आने वाले समय में कई प्रमुख त्योहार हैं। ऐसे में नगर निगम की ओर से अभी से प्रकाश व्यवस्था को व्यवस्थित करना जरूरी है। यदि बंद और खराब लाइटों की शिकायतों का समय से निस्तारण होता रहेगा तो त्योहारों के दौरान एक साथ बड़ी संख्या में शिकायतें सामने नहीं आएंगी। उन्होंने सभी पार्षदों से भी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था पर नजर रखने और बंद या खराब लाइटों की जानकारी नगर निगम को उपलब्ध कराने की अपील की। पार्षदों के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों को भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं। महापौर ने कहा कि महापौर और नगर आयुक्त के नेतृत्व में शहर में विभिन्न विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। शहर में सजावटी पोल, फुटपाथ, क्रॉसिंग और पेंटिंग सहित अनेक कार्य चल रहे हैं। इसके साथ ही सड़कों और नालों से संबंधित विकास कार्य भी विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति पर हैं। नगर निगम का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर सुविधाओं वाला बनाना है। इसी क्रम में शहर की प्रकाश व्यवस्था को भी मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि यदि कहीं स्ट्रीट लाइट बंद है या किसी स्थान पर नई लाइट की आवश्यकता है तो इसकी सूचना नगर निगम को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्राप्त शिकायत पर संबंधित स्थल पर तत्काल कार्रवाई कराकर प्रकाश व्यवस्था को सुचारु कराया जाएगा।



