सामाजिक

छाता को बड़ी सौगात: 200 करोड़ की लागत से बनेगा इथेनॉल प्लांट, हजारों रोजगार की उम्मीद

मथुरा। प्रदेश सरकार ने मथुरा जनपद के छाता क्षेत्र को बड़ी औद्योगिक सौगात देते हुए करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से इथेनॉल प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव पर मुहर लगने के बाद क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार की नई उम्मीद जगी है।

प्रस्तावित प्लांट में गन्ने के साथ मक्का और धान से इथेनॉल का उत्पादन किया जाएगा। इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता करीब 3.96 करोड़ लीटर निर्धारित की गई है। प्लांट वर्ष में लगभग 11 महीने संचालित होगा और इसे एक्सटेंशन प्लांट के रूप में विकसित किया जाएगा।

करीब 19 वर्ष पहले बंद हुई छाता चीनी मिल के बाद यह परियोजना क्षेत्र के औद्योगिक पुनर्जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। सरकार के अनुसार, पूर्व में गन्ना भुगतान की समस्या के चलते चीनी मिल बंद हो गई थी। अब नई परियोजना के जरिए छाता क्षेत्र को दोबारा औद्योगिक पहचान दिलाने की तैयारी है।

परियोजना के लिए करीब 96 एकड़ भूमि उपलब्ध है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने और नोएडा एयरपोर्ट से लगभग 40 मिनट की दूरी के कारण छाता की भौगोलिक स्थिति निवेश के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। परियोजना के साथ गोदाम और अन्य औद्योगिक ढांचे भी विकसित किए जाएंगे।

सरकार का दावा है कि इथेनॉल प्लांट से स्थानीय स्तर पर हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिलेंगे। भविष्य में गन्ने की उपलब्धता बढ़ने पर यहां शुगर फैक्ट्री और ऊर्जा प्लांट स्थापित करने की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा इसी वर्ष परियोजना का शिलान्यास किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button