गाजियाबाद

गणपति विसर्जन में डीजे पर भिड़े दो पक्ष, सड़क पर जमकर चले घूंसे 

साहिबाबाद। साहिबाबाद थाने के ठीक सामने रविवार को गणपति विसर्जन के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के लोग सड़क पर एक-दूसरे पर घूंसे बरसाते नजर आए। विवाद बढऩे पर एक पक्ष के कुछ लोग मौके से भागने लगे तो दूसरे पक्ष के युवकों ने जीटी रोड पर दौड़कर उनका पीछा किया और कुछ युवकों को पकड़कर दोबारा मारपीट की। घटना के दौरान सड़क पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। मारपीट का 44 सेकेंड का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। बताया गया कि जीटी रोड के दोनों ओर स्थित कॉलोनियों के लोगों ने अलग-अलग पंडाल लगाकर गणपति की स्थापना की थी। इसी दौरान डीजे बजाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनातनी हुई थी। रविवार को दोनों पक्ष अपने-अपने पंडाल से गणपति की प्रतिमाएं विसर्जन के लिए लेकर जा रहे थे। साहिबाबाद थाने के सामने दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के लोग सड़क पर भिड़ गए और काफी देर तक मारपीट होती रही। एक पक्ष के कुछ लोग वहां से भागने लगे तो दूसरे पक्ष के युवकों ने जीटी रोड पर दौड़कर उनका पीछा किया। कुछ युवकों को पकड़कर उनके साथ दोबारा मारपीट की गई। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों में भी अफरातफरी मच गई।
मारपीट में कई लोगों को चोट आने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर दोनों पक्षों के लोगों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर आरोप है कि मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद कुछ पुलिसकर्मी तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय तमाशबीन बने रहे। हालांकि, इस आरोप की पुलिस की ओर से कोई पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस अब वायरल वीडियो और मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपितों की तलाश की जा रही है। घटना में शामिल कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button