गाजियाबाद

टायर में हवा कम होने का झांसा, कार से डेढ़ लाख और जेवर उड़ाए 

गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र में शातिर व्यक्ति ने कार के टायर में हवा कम होने का झांसा देकर महिला की कार रुकवा ली। चालक जैसे ही टायर की हवा चेक करने के लिए नीचे उतरा, आरोपी ने कार का पिछला दरवाजा खोलकर अंदर रखा बैग चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गया। बैग में करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी और सोने के आभूषण रखे थे। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लखनऊ के कालीदास मार्ग निवासी नीता सिंह ने पुलिस को बताया कि 21 सितंबर की शाम वह नोएडा से मेरठ जा रही थीं। उनके साथ कार चालक बबलू भी था। विजयनगर थाना क्षेत्र में आंबेडकर नगर कट के पास पहुंचने पर एक अज्ञात व्यक्ति ने चालक को इशारा कर बताया कि कार के टायर में हवा कम है। चालक ने आरोपी की बात पर विश्वास कर कार रोक दी और टायर की हवा देखने के लिए नीचे उतर गया। इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर कार का पिछला दरवाजा खोल दिया। आरोपी कार में रखा बैग उठाकर मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद घटना की जानकारी होने पर नीता सिंह ने बैग की जांच की तो उसमें रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी और सोने के कुछ आभूषण गायब मिले। घटना के बाद उन्होंने विजयनगर थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button