गाजियाबाद

घर में सुसाइड नोट छोड़कर निकले पशु चिकित्सक का कार में मिला शव 

गाजियाबाद। घर में सुसाइड नोट छोड़कर निकले 30 वर्षीय पशु चिकित्सक का शव बुधवार दोपहर मुरादनगर थाना क्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर कार के अंदर मिला। कार से एनस्थीसिया के पांच इंजेक्शन और सिरिंज बरामद हुई हैं। पुलिस को आशंका है कि इंजेक्शन के ओवरडोज के कारण चिकित्सक की मौत हुई होगी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। प्राथमिक जांच में पुलिस मामले को आत्महत्या से जोड़कर देख रही है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक की पहचान राजनगर एक्सटेंशन स्थित वीवीआईपी मंगल सोसाइटी निवासी शिवम कार्तिकेय भारद्वाज के रूप में हुई है। वह पशु चिकित्सक थे और दिल्ली के लाजपत नगर में उनका क्लीनिक था। मंगलवार को क्लीनिक से निकलने के बाद वह घर नहीं लौटे थे। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने नंदग्राम थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात परिजनों ने शिवम की तलाश के दौरान घर में एक पेज का सुसाइड नोट देखा। इसमें उन्होंने अपने परिजनों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं बताया था। नोट में लिखा था कि  ‘आप लोगों का कोई दोष नहीं है। मैं जा रहा हूं। मम्मी-पापा सॉरी। लव यू मेरी वाइफ।Ó नोट मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई और उनकी तलाश तेज कर दी गई।
बुधवार दोपहर पुलिस को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर कार में शिवम के होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को देखा तो वह अंदर से लॉक थी। दरवाजा खोलने के लिए कार का शीशा तोडऩा पड़ा। अंदर शिवम का शव मिला। शरीर पर प्रथम दृष्टया किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें एनस्थीसिया के पांच इंजेक्शन और सिरिंज बरामद हुईं। इसी आधार पर पुलिस इंजेक्शन के ओवरडोज को मौत की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम और अन्य फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घर से मिले सुसाइड नोट को भी जांच के दायरे में लिया गया है। पुलिस नोट की लिखावट की जांच कराने की तैयारी कर रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि इसे मृतक ने ही लिखा था या नहीं। एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि मुरादनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। चिकित्सक की गुमशुदगी नंदग्राम थाने में दर्ज है और आगे की जांच वहीं की पुलिस करेगी। उन्होंने बताया कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कार से बरामद इंजेक्शन-सिरिंज, सुसाइड नोट और उसकी लिखावट की जांच के साथ चिकित्सक के मंगलवार के आवागमन और संपर्क में रहे लोगों की जानकारी भी जुटा रही है। मौत की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button