जनगणना-2027 के लिए 148 फील्ड ट्रेनर तैयार, तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू-स्मार्ट कक्षाओं में दिया जा रहा प्रशिक्षण, अधिकारियों की निगरानी में जलपान, पेयजल और साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था

गाजियाबाद। जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियों को लेकर जिले में प्रशिक्षण प्रक्रिया शुरू हो गई है। बुधवार को आईएमआर कॉलेज, दुहाई में 148 चिन्हित फील्ड ट्रेनरों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। 7 से 9 अक्टूबर तक चलने वाले प्रशिक्षण में आठ मास्टर ट्रेनरों द्वारा फील्ड ट्रेनरों को जनगणना कार्य से जुड़ी बारीकियों और जिम्मेदारियों की जानकारी दी जा रही है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि जनगणना के दूसरे चरण का कार्य बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए फील्ड स्तर पर कार्य करने वाले कार्मिकों को पूरी तरह प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सही और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि 148 फील्ड ट्रेनरों को चार बैचों में बांटा गया है। प्रत्येक बैच में 37 प्रशिक्षणार्थी हैं और दो मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण दे रहे हैं। सभी कक्षों में स्मार्ट क्लास की व्यवस्था की गई है। प्रशिक्षण की प्रभावी निगरानी के लिए प्रत्येक कक्ष में उप जिलाधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशिक्षण स्थल पर पेयजल, साफ-सफाई और जलपान समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्माण स्थल पर स्वच्छता की निगरानी के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईएमआर कॉलेज प्रबंधन की ओर से भी प्रशिक्षण के सफल आयोजन में सहयोग दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के पहले दिन 142 फील्ड ट्रेनर उपस्थित हुए, जबकि छह ट्रेनर अनुपस्थित रहे। अधिकारियों ने तत्काल संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से उनके स्थान पर वैकल्पिक फील्ड ट्रेनरों की व्यवस्था कराई, जिसके बाद सभी 148 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण सुचारू रूप से शुरू करा दिया गया। अनुपस्थित रहने वाले छह फील्ड ट्रेनरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम का पर्यवेक्षण वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में उप जिलाधिकारी मोदीनगर द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित जिम्मेदारी के अनुसार कार्य करना होगा।


