गाजियाबाद

डीएम की नजर में सड़क परियोजनाएं, खामियां मिलीं तो समयसीमा में सुधार के निर्देश-पुराने जीटी रोड पर चौड़ीकरण और आरसीसी डिवाइडर निर्माण का लिया जायजा

गाजियाबाद। जिले में लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे निर्माण और सड़क सुधार कार्यों की गुणवत्ता पर अब जिलाधिकारी की सीधी नजर है। बुधवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। जिलाधिकारी ने सबसे पहले दिल्ली-कानपुर मार्ग (पुराना जीटी रोड) के चैनेज 22.600 से 23.800 तक चल रहे मार्ग चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और आरसीसी डिवाइडर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कार्य की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों से परियोजना की जानकारी ली। डीएम ने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा कराया जाए। मार्ग चौड़ीकरण में बाधा बन रहे विद्युत पोलों और नगर निगम के ओवरहेड साइनेज बोर्डों को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर इन्हें हटाने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि 10 दिन के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी कराई जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी तरह की बाधा न रहे और परियोजना की रफ्तार प्रभावित न हो। इसके बाद जिलाधिकारी ने ज्ञानी बॉर्डर से मोहननगर मार्ग स्थित अजनारा मोड़ पर चल रहे विशेष मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने श्यामपार्क मेट्रो स्टेशन के नीचे प्रस्तावित सीसी मार्ग निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। शाहिदनगर मेट्रो स्टेशन के नीचे निर्मित सीसी मार्ग का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। यहां दायीं ओर करीब 330 मीटर लंबाई और 9 मीटर चौड़ाई तथा बायीं ओर करीब 300 मीटर लंबाई और 5 मीटर चौड़ाई में सीसी मार्ग का निर्माण पूरा पाया गया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीसी मार्ग को स्वीकृत चौड़ाई के अनुरूप विकसित किया जाए और शेष बिटुमिनस कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ 15 दिन के भीतर पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क परियोजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण पूरा करना नहीं, बल्कि आमजन को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रामराजा, सहायक अभियंता डी.के. शर्मा, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता समेत लोक निर्माण विभाग के अन्य अधिकारी और अभियंतागण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button