गाजियाबाद

15 अगस्त को बंद नहीं, खुलेंगे जिले के सभी स्कूल, तिरंगे संग मनेगा आजादी का जश्न 

गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस बार जिले के सभी विद्यालयों में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम से जुड़े कार्यक्रमों के साथ आजादी का पर्व मनाया जाएगा। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 15 अगस्त को कक्षा एक से 12 तक के सभी परिषदीय, राजकीय, वित्तविहीन, अशासकीय सहायता प्राप्त और अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालय खुले रहेंगे। किसी विद्यालय के बंद रहने की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह के साथ आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं। विद्यालयों में ‘वन्दे मातरम्’, राष्ट्रगान और राष्ट्रभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। विद्यार्थियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करने के लिए विभिन्न गतिविधियां भी कराई जाएंगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए सभी विद्यालयों में ‘एक पेड़ देश के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि राष्ट्रप्रेम के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी घर-घर तक पहुंचे।
‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए विद्यार्थियों और अभिभावकों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि सेल्फी को अभियान की वेबसाइट पर अपलोड किया जाए। विद्यालयों में तिरंगा फहराने के साथ ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन भी कराया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह में युद्धों में शहीद हुए वीर सैनिकों तथा स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के परिजनों को आमंत्रित कर सम्मानित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि 9 से 17 अगस्त तक चल रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026Ó में विद्यालयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि देश की आजादी, अखंडता और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने जनपदवासियों से अपील की कि सभी लोग 15 अगस्त को पूरे उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाएं। अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में सक्रिय भागीदारी कर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं समर्पण प्रकट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button