गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर, 23 अगस्त तक करा लें ई-केवाईसी

गाजियाबाद। जिले के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। अब तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले 1.50 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के पास इसे पूरा करने के लिए 23 अगस्त तक का समय है। पहले ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि 15 अगस्त निर्धारित की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 23 अगस्त कर दिया गया है। निर्धारित अवधि में ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन निरस्त किए जा सकते हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को समय सीमा के भीतर अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी जा रही है। जिले में इंडेन, एचपी और भारत गैस कंपनियों के घरेलू एलपीजी सिलिंडर के करीब 12 लाख उपभोक्ता हैं। सभी घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य किया गया है। गैस एजेंसियों की ओर से उपभोक्ताओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग समय रहते प्रक्रिया पूरी कर सकें। एलपीजी वितरक एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि जिले में अभी भी डेढ़ लाख से अधिक उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने ई-केवाईसी नहीं कराया है। उपभोक्ताओं को इसके लिए जागरूक किया जा रहा है और उन्हें विभिन्न माध्यमों से ई-केवाईसी कराने की सुविधा उपलब्ध है। उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके अलावा घर पर सिलिंडर की डिलीवरी करने वाले कर्मचारी की मदद से भी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। जिन उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी जाने में परेशानी है, वे घर बैठे संबंधित एप के माध्यम से भी ई-केवाईसी करा सकते हैं। गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार ई-केवाईसी का उद्देश्य वास्तविक घरेलू गैस उपभोक्ताओं की सही जानकारी गैस कंपनियों के रिकॉर्ड में सुनिश्चित करना है। इससे फर्जी या निष्क्रिय कनेक्शनों की पहचान करने में मदद मिलेगी और घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी पर भी रोक लगाने में सहायता मिलेगी। गैस उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द ई-केवाईसी करा लें। समय सीमा समाप्त होने के बाद कनेक्शन निरस्त होने की स्थिति में उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए 23 अगस्त तक ई-केवाईसी पूरी करना जरूरी है।



