डाबर तिराहे पर तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, युवक की मौत
गाजियाबाद। कौशांबी थाना क्षेत्र के डाबर तिराहे पर रविवार तड़के तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। मेरठ के रजपुरा, मवाना रोड निवासी मयंक शर्मा एक निजी फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट के रूप में कार्यरत थे। सोमवार को दिल्ली में होने वाली मीटिंग में शामिल होने के लिए वह शनिवार देर शाम बाइक से निकले थे। रास्ते में उन्होंने कैंटीन संचालक अपने दोस्त तुषार जैन को साथ ले लिया। रात करीब साढ़े 11 बजे दोनों दिल्ली के अशोक नगर निवासी दोस्त मनु कुमार के कमरे पर पहुंचे और वहां खाना खाया। मनु कुमार के मुताबिक, रात करीब डेढ़ बजे मयंक ने बताया कि उन्हें अपने मामा के बेटे तरुण के घर वसुंधरा जाना है और रात वहीं रुकेंगे। इसके बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर वसुंधरा के लिए रवाना हो गए। बाइक मयंक चला रहे थे।
जब बाइक डाबर तिराहे के पास पहुंची, तभी सामने से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मयंक और तुषार सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए, जबकि मनु को कुछ होश था। मनु ने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मयंक को मृत घोषित कर दिया। तुषार और मनु का उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कौशांबी पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।



