चेकिंग में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
गाजियाबाद। नंदग्राम थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक बाइक बरामद की है। आरोपी बाइक की नंबर प्लेट हटाकर उसे चला रहे थे, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें। एसीपी जियाउद्दीन ने बताया कि नंदग्राम थाना पुलिस की टीम हिंडन विहार कट के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक सवार तीन संदिग्ध युवक क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पीयूष उर्फ बिटटू (30) निवासी गोविंदपुरम, अमित उर्फ चीनू (22) निवासी संजयनगर और दीपक उर्फ विक्की (29) निवासी ग्राम गढ़ी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे महंगे शौक पूरे करने और आर्थिक लाभ कमाने के लिए गाजियाबाद के अलग-अलग सुनसान इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी करते थे। पुलिस के मुताबिक, बरामद बाइक भी चोरी की है। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट हटा दी थी। नंदग्राम थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब उनके आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।



