छत से गिरकर महिला की मौत, पति गिरफ्तार
गाजियाबाद। मुरादनगर थाना क्षेत्र के कस्बा रोड पर छत से गिरकर हुई महिला की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताडि़त करने और विवाद के दौरान महिला को छत से नीचे गिराने का आरोप लगाया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, कस्बा रोड निवासी महिला का अपने पति गौरव से विवाद हुआ था। इसी दौरान महिला छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शुक्रवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन के साथ मारपीट करते थे। आरोप है कि ससुराल पक्ष की ओर से 30 लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो कार की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर महिला को लगातार प्रताडि़त किया जाता था। तीन दिन पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ और इसी दौरान महिला छत से गिर गई। बताया गया कि दोनों का विवाह पहले तय हुआ था, लेकिन विवाह समारोह के दौरान विवाद होने के कारण रिश्ता टूट गया था। बाद में दोनों ने अपनी मर्जी से कोर्ट में प्रेम विवाह किया था। एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर पति गौरव, ससुर रमेश, सास सरोज और ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी पति गौरव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।



