हैदराबाद में गूंजी आरकेजीआईटी की यादें, एलुमनी एसोसिएशन के हैदराबाद चैप्टर 1.0 में पूर्व छात्रों का शानदार मिलन

गाजियाबाद। राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरकेजीआईटी) एलुमनी एसोसिएशन की ओर से मंगलवार को एलुमनी मीट-2026 हैदराबाद चैप्टर 1.0 का सफल आयोजन किया गया। 12 सितंबर को लेमन ट्री प्रीमियर, हाईटेक सिटी, हैदराबाद में आयोजित समारोह में हैदराबाद और आसपास के क्षेत्रों में कार्यरत आरकेजीआईटी के पूर्व छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वर्षों बाद एक मंच पर जुटे पूर्व छात्रों ने महाविद्यालय जीवन की यादों को ताजा किया और पुराने साथियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पूर्व छात्रों के बीच आपसी जुड़ाव, संपर्क, व्यावसायिक संबंध और संस्थान के साथ आत्मीयता को और मजबूत करना रहा। समारोह में पूर्व छात्रों ने अपने छात्र जीवन से जुड़े संस्मरण, यादगार पल और पुराने साथियों से जुड़ी स्मृतियां साझा कीं। लंबे समय बाद साथ आए पूर्व छात्रों के बीच मुलाकात का उत्साह देखते ही बना। आयोजन का विशेष आकर्षण आरकेजीआईटी के वर्ष 2004 के प्रथम बैच के पूर्व छात्रों की उपस्थिति रही। प्रथम बैच से लेकर हाल के बैचों तक के पूर्व छात्रों का एक साथ मिलना संस्थान के मजबूत और लगातार विस्तार ले रहे एलुमनी नेटवर्क की तस्वीर पेश करता नजर आया। वरिष्ठ पूर्व छात्रों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए संस्थान से जुड़े अपने पुराने दिनों को याद किया। कार्यक्रम की शुरुआत आरकेजीआईटी एलुमनी एसोसिएशन की सचिव डॉ. रितु अग्रवाल के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने एलुमनी एसोसिएशन की ओर से देश के विभिन्न शहरों में आयोजित किए जा रहे पूर्व छात्र अध्यायों की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पूर्व छात्रों को एक-दूसरे से जोडऩे के साथ संस्थान के साथ उनके संबंधों को भी मजबूत करते हैं। आरकेजीआईटी के निदेशक डॉ. बी.सी. शर्मा ने संस्थान की वर्तमान शैक्षणिक प्रगति, आधारभूत ढांचे और विभिन्न उत्कृष्टता केंद्रों के बारे में जानकारी साझा की। वहीं आरके समूह संस्थान के कार्यकारी निदेशक डॉ. डी.के. चौहान ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग और वैश्विक विस्तार की दिशा में संस्थान की ओर से किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर डॉ. विपुल गोयल, डॉ. ललित सारस्वत, सौरभ सिंह और निशि पाठक सहित संस्थान के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में अधिष्ठाता-शैक्षणिक डॉ. आर.के. यादव ने सभी अतिथियों और पूर्व छात्रों का आभार व्यक्त किया। हैदराबाद चैप्टर 1.0 पूर्व छात्रों के लिए केवल मिलन समारोह नहीं, बल्कि पुरानी यादों, रिश्तों और संस्थान से जुड़ाव को फिर से महसूस करने का अवसर बना। एलुमनी एसोसिएशन भविष्य में भी देश के विभिन्न शहरों में ऐसे आयोजन कर ‘एक बार आरकेजीआईटीयन, हमेशा आरकेजीआईटीयनÓ की भावना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।



