आईटीएस मोहन नगर में ‘यंग इंडिया मंथन सीरीज’ के तहत प्रेरणात्मक सत्र

गाजियाबाद। आईटीएस मोहन नगर के यूजी कैंपस में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, करियर दृष्टिकोण को व्यापक बनाने और उनमें सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से गुरुवार को ‘आईटीएस यंग इंडिया मंथन सीरीज-बियॉन्ड द बीट’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फाउंडर एवं डायरेक्टर, ज्ञानसेतु फाउंडेशन और प्रेरणात्मक वक्ता डीजे गौरी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें अपने जोश और प्रतिभा को सही दिशा देने के लिए प्रेरित किया। डीजे गौरी ने कहा कि सफलता किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है। युवा अपनी रुचि, प्रतिभा और क्षमता को पहचानकर अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, आत्मविश्वास बनाए रखने के साथ रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अपने बहुआयामी अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को अपने सपनों को लक्ष्य में बदलकर उन्हें हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ सहभागिता की और डीजे गौरी से संवाद करते हुए अपने सवाल एवं विचार साझा किए। प्रेरणात्मक सत्र ने विद्यार्थियों को नए अवसरों की तलाश करने तथा अपने भविष्य को लेकर सकारात्मक और व्यापक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। आईटीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और जोश को पहचानने का अवसर देते हैं। युवाओं को निरंतर सीखते हुए आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढऩा चाहिए। यूजी कैंपस की प्रिंसिपल डॉ. नैंसी शर्मा ने कहा कि यंग इंडिया मंथन सीरीज विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ वास्तविक जीवन के अनुभवों और प्रेरणादायक व्यक्तित्वों से जोड़ने की सार्थक पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने उत्साह को ताकत बनाकर नए अवसर तलाशने और सफलता के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में समन्वयक, संकाय सदस्य, मीडिया प्रतिनिधि, स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।



