एनडीआरएफ जवानों ने संभाली झाड़ू, सोरोंजी बस स्टैंड चमकाया

सोरोंजी, कासगंज। ‘स्वच्छता में सहभागिता-स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के संदेश के साथ 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), गाजियाबाद की टीम ने सोरोंजी में स्वच्छता अभियान चलाया। निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता के नेतृत्व में जवानों ने ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के तहत सोरोंजी बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्र में श्रमदान कर साफ-सफाई की। अभियान के दौरान एनडीआरएफ जवानों ने बस स्टैंड, सड़क और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों की सफाई की। इसके साथ ही हैंडपंप के आसपास जमा गंदगी और कचरे को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया। जवानों ने लोगों को सार्वजनिक पेयजल स्रोतों की स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि स्वच्छ पेयजल के लिए हैंडपंप और उसके आसपास का क्षेत्र साफ रखना बेहद जरूरी है। स्वच्छता अभियान के दौरान जवानों ने स्थानीय लोगों को जागरूक करते हुए हैंडपंप के आसपास कूड़ा-कचरा नहीं डालने की अपील की। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थानों और पेयजल स्रोतों के आसपास गंदगी जमा होने से स्वच्छता प्रभावित होने के साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। लोगों से अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने और कूड़े को निर्धारित स्थान पर डालने का आह्वान किया गया। एनडीआरएफ टीम ने आमजन से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखने की अपील की। जवानों ने कहा कि स्वच्छता तभी प्रभावी होगी, जब इसे दैनिक जीवन की आदत बनाया जाए। प्रत्येक नागरिक अपने घर के साथ सार्वजनिक स्थलों की सफाई में भी सहयोग करे और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करे। टीम ने कहा कि स्वच्छ भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी जरूरी है। नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ और बेहतर बनाया जा सकता है। जवानों ने लोगों से स्वच्छता को लेकर स्वयं जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।



