गाजियाबाद

सूचना विभाग में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित

गाजियाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिला सूचना कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में सूचना विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उपस्थित कर्मचारियों ने उनके आदर्शों और विचारों को याद करते हुए उनसे प्रेरणा लेने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन देश और समाज के लिए प्रेरणादायी है। महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के माध्यम से समाज को नई दिशा दिखाई, वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को अपने जीवन का आधार बनाया। उनके विचार आज भी समाज और देश के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि महापुरुषों को केवल जयंती के अवसर पर याद करने के बजाय उनके आदर्शों को अपने दैनिक जीवन और कार्यशैली में उतारने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्य के प्रति निष्ठा और राष्ट्रहित की भावना के साथ किया गया प्रत्येक कार्य देश की प्रगति में योगदान देता है। इस अवसर पर सूचना विभाग के कनिष्ठ सहायक मोहम्मद इदरीश, राकेश कुमार, रवि कुमार, दीपांशु कुमार एवं धन सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button