ई-कार्ट कंपनी के टीम लीडर पर 1.93 लाख रुपये के गबन का आरोप, केस दर्ज
गाजियाबाद। कोतवाली क्षेत्र में ई-कार्ट से जुड़ी इंस्टाकार्ट सर्विसेज के एक टीम लीडर पर कंपनी की 1.93 लाख रुपये की नकदी का गबन करने का आरोप लगा है। वित्तीय ऑडिट के दौरान रकम का हिसाब नहीं मिलने पर कंपनी प्रबंधन ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कंपनी प्रबंधन से जुड़े राम भवन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि विपिन साउथ साइड जीटी रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित कंपनी के हब में टीम लीडर के पद पर कार्यरत था। उसके पास नकद भुगतान (सीओडी) से प्राप्त रकम के प्रबंधन की जिम्मेदारी थी। शिकायत के मुताबिक, 23 जुलाई को वित्तीय ऑडिट के दौरान 1.93 लाख रुपये की नकदी का हिसाब मांगा गया, लेकिन आरोपित इस रकम का हिसाब नहीं दे सका। कंपनी ने आरोप लगाया कि उसने रकम का निजी इस्तेमाल कर गबन किया। इसके बाद वह हब से चला गया और ई-मेल के माध्यम से अपने पद से त्यागपत्र भी भेज दिया। कंपनी प्रबंधन ने मामले को आर्थिक नुकसान पहुंचाने और आपराधिक विश्वासघात बताते हुए आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


