मोबाइल अपडेट होते ही गायब हुए एप, दो बैंक खातों से 3.05 लाख रुपये साफ
गाजियाबाद। कौशांबी थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने मोबाइल अपडेट होने के बाद एक व्यक्ति के दो बैंक खातों से 3.05 लाख रुपये निकाल लिए। पीडि़त को इसकी जानकारी तब हुई, जब मोबाइल में गायब हुए एप दोबारा डाउनलोड कर उसने अपने बैंक खातों की जांच की। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साइबर सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है। भोवापुर निवासी दीपक मद्देशिया ने पुलिस को बताया कि 17 अक्टूबर को उनका मोबाइल अपडेट हुआ था। अपडेट होने के बाद मोबाइल में मौजूद सभी एप गायब हो गए। उन्होंने दोबारा फोन पे एप डाउनलोड किया और मोबाइल नंबर डालकर खाते की जानकारी चेक की। इस दौरान पता चला कि 17 अक्टूबर को पंजाब एंड सिंध बैंक के खाते से 96,801 रुपये और 18 अक्टूबर को 14 हजार रुपये निकाल लिए गए। इसके अलावा इंडियन बैंक के खाते से भी दो बार में रकम निकाली गई। ठगों ने 17 अक्टूबर को 96,502 रुपये और 18 अक्टूबर को 98,050 रुपये निकाल लिए। इस तरह दोनों बैंक खातों से कुल 3,05,353 रुपये की निकासी हुई। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर पीडि़त ने साइबर ठगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साइबर सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है। बैंक खातों से निकाली गई रकम और लेनदेन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।



