गाजियाबाद

कांवड़ियों की राह आसान, 2000 कैमरों से निगरानी और 65 एंबुलेंस से स्वास्थ्य सुरक्षा-निगम के भव्य शिविर में डीएम ने कांवड़ियों को कराया भोजन, बोले- व्यवस्थाएं बेहद सराहनीय-पांच प्रमुख स्थानों पर 10 अगस्त को होगी पुष्पवर्षा, श्रद्धालुओं के स्वागत को प्रशासन ने कसी कमर

गाजियाबाद। सावन कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सकुशल और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने अपनी व्यवस्थाओं को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। शुक्रवार को मेरठ रोड तिराहे पर जिला प्रशासन और सिविल डिफेंस के संयुक्त एकीकृत नियंत्रण कक्ष का औपचारिक शुभारंभ जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने किया। नियंत्रण कक्ष से कांवड़ मार्ग की लगातार निगरानी की जा रही है। करीब 2000 सीसीटीवी कैमरों के जरिए प्रमुख मार्गों, मुरादनगर गंगनहर क्षेत्र, राष्ट्रीय राजमार्ग-58 और श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर सहित संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की प्रमुख धार्मिक यात्राओं में शामिल है और लाखों शिवभक्त गाजियाबाद से होकर गुजरते हैं। ऐसे में प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को कहीं भी असुविधा न हो। नियंत्रण कक्ष में विभिन्न विभागों की हेल्पलाइन सेवाओं को एक मंच पर उपलब्ध कराया गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। नियंत्रण कक्ष से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस बल को कांवड़ मार्ग और संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। सीसीटीवी निगरानी के साथ पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और भीड़ तथा यातायात व्यवस्था पर नजर रख रही हैं। असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार मौके का निरीक्षण कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिले में 65 एंबुलेंस तैनात की गई हैं और 25 से अधिक स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 200 से अधिक शैय्याएं आरक्षित रखी गई हैं। चिकित्सा शिविरों में प्राथमिक उपचार, मरहम-पट्टी और आवश्यक चिकित्सकीय सेवाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी कांवडिय़े को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल उपचार मिल सके। कांवड़ यात्रा के दौरान नगर निगम ने स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था को प्राथमिकता दी है। निर्धारित कांवड़ मार्ग पर चौबीसों घंटे सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है। जलभराव वाले स्थानों पर जेट पंप के माध्यम से तत्काल पानी निकाला जा रहा है। मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। कांवड़ शिविरों में फॉगिंग और मच्छरों के लार्वा को रोकने के लिए दवा का छिड़काव भी कराया जा रहा है। नगर निगम की ओर से कांवड़ यात्रियों के लिए भव्य शिविर भी संचालित किया जा रहा है, जहां भोजन, पानी और विश्राम की व्यवस्था 24 घंटे उपलब्ध है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कांवड़ यात्रियों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य एवं सुविधाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और मुख्य विकास अधिकारी ने कांवड़ यात्रियों को अपने हाथों से भोजन वितरित किया और उनके साथ प्रसाद भी ग्रहण किया। जिलाधिकारी ने शिविर में रसोई की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कहा कि भोजन, पानी, विश्राम, सफाई, शौचालय, स्नानघर और प्रकाश की बेहतर व्यवस्था सराहनीय है। उन्होंने स्टील के बर्तनों के उपयोग की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्री यहां रुककर भोजन और विश्राम कर सकते हैं और निगम की टीम लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है। शिविर में पहुंचे विभिन्न क्षेत्रों के कांवड़ यात्रियों ने भी व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि गाजियाबाद में कांवडिय़ों के लिए नंबर वन व्यवस्थाएं हैं। प्रशासन और निगम की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया। जिला प्रशासन और नगर निगम ने सभी कांवड़ शिविर संचालकों और श्रद्धालुओं से प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने तथा सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। 10 अगस्त को जिले के पांच प्रमुख स्थानों पर कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए पुष्पवर्षा कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि पुलिस की सुरक्षा, नगर निगम की सुविधाओं और जिला प्रशासन की लगातार निगरानी के समन्वय से कांवड़ यात्रा को श्रद्धा, सेवा और सुरक्षा के माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button