बिजली समस्याओं पर विधायक संजीव शर्मा सख्त, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश

गाजियाबाद। शहर विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर विधायक संजीव शर्मा की अध्यक्षता में सिद्धार्थ विहार स्थित आवास पर हाइडल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में क्षेत्र में बिजली आपूर्ति, जर्जर विद्युत लाइनों, खराब एवं पुराने ट्रांसफार्मरों, विद्युत पोल तथा अन्य स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने अधिकारियों से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था की स्थिति की जानकारी लेते हुए समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि क्षेत्रवासियों को निर्बाध और सुचारु विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। बिजली से जुड़ी शिकायतों के समाधान में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों या पोल से संबंधित समस्याएं सामने आ रही हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में हाइडल के चीफ इंजीनियर पवन अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता एके सिंह, एसडीओ बहरामपुर ललितेश यादव और जेई बीके शर्मा मौजूद रहे। अधिकारियों ने विधायक को क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था से संबंधित समस्याओं की जानकारी दी और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि विकास कार्यों के साथ शहर विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए विद्युत समस्याओं का जल्द निस्तारण करने को कहा, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।



