गाजियाबाद

चोरी की बाइक लेकर घूम रहा था शातिर बदमाश, चेकिंग में पुलिस के हत्थे चढ़ा 

गाजियाबाद। ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक के साथ एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान इरफान अली उर्फ आतंक निवासी पूर्वी मुस्तफाबाद, लोनी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं में पहले भी शामिल रहा है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में स्नैचिंग, वाहन चोरी, घर में चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत आठ मुकदमे दर्ज हैं। सहायक पुलिस आयुक्त लोनी रामकिशन ने बताया कि ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस मंगलवार देर रात क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में बाइक के साथ आते देखा। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और बाइक के संबंध में कागजात मांगे। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने बाइक की जांच की, जिसके बाद उसके चोरी की होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी अनीश उर्फ धप्पो के साथ मिलकर लोनी के इकराम नगर से यह बाइक चोरी की थी। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए मोबाइल छीनने तथा वाहन चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं। आरोपी ने पूछताछ में कुछ दिन पहले एक व्यक्ति से मोबाइल छीनने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके साथी अनीश उर्फ धप्पो की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों ने अब तक कितनी चोरी और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस उसके पुराने मामलों की भी जानकारी जुटा रही है। सहायक पुलिस आयुक्त रामकिशन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में स्नैचिंग, बाइक चोरी, घर में चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित आठ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके साथ जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आया। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग और गश्त को और प्रभावी किया जाएगा। वहीं, गिरफ्तार आरोपी से बरामद बाइक को कब्जे में लेकर उसके संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button