22 में से 20 ब्लैक स्पॉट सुधरे, दो पर जल्द पूरा होगा काम

गाजियाबाद। जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी (सिटी) विकास कश्यप की अध्यक्षता में हुई बैठक में ब्लैक स्पॉट, अनफिट स्कूली बसों, पार्किंग व्यवस्था और राष्ट्रीय राजमार्गों पर चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि जिले में चिन्हित 22 ब्लैक स्पॉट में से 20 पर सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्य पूरे कराए जा चुके हैं। शेष दो स्थानों पर भी जल्द काम पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि शेष दो ब्लैक स्पॉट लोनी बस स्टैंड और जौहरी एन्क्लेव मेट्रो स्टेशन के पास दिल्ली-यमुनोत्री-सहारनपुर मार्ग पर स्थित हैं। इन स्थानों पर लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। सुदृढ़ीकरण का काम पूरा होने के बाद दोनों स्थानों पर ब्लैक स्पॉट सुधार संबंधी कार्य भी पूरा करा दिया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने और शेष कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से अभी तक ‘सुओ मोटोÓ संबंधी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) उपलब्ध नहीं कराए जाने पर अपर जिलाधिकारी विकास कश्यप ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी तीन दिनों में एसओपी उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। संभागीय परिवहन अधिकारी को स्कूलों में संचालित अनफिट बसों का फिटनेस परीक्षण पूरा कराने के निर्देश दिए गए, ताकि बच्चों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता न हो। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को डासना के पास चल रहे कार्य को एक माह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि सड़क निर्माण और सुधार से जुड़े कार्यों में समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। शहर में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम और पुलिस विभाग के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि शहर में उपयुक्त पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाए, जिससे सड़कों पर अनियंत्रित पार्किंग से होने वाली यातायात समस्या को कम किया जा सके। बैठक में एआरटीओ श्रीमती अंकिता शुक्ला, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रामराजा, नगर निगम के अधिशासी अभियंता विपुल कुमार, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता बीएन गुप्ता, एनएचएआई के साइट इंजीनियर रागवेन्द्र पांडे, चिकित्सा विभाग से डॉ. पंकज राकेश, एडीआईओएस सत्येंद्र कुमार पांडे, बेसिक शिक्षा अधिकारी विजय भारद्वाज, यूपी रोडवेज के एआरएम राजेश कुमार और ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष एमके शर्मा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



