गाजियाबाद

104 बुजुर्गों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, दो दिवसीय शिविर में जरूरतमंद मरीजों को कृत्रिम दांत उपलब्ध कराए

गाजियाबाद। आईटीएस डेंटल कॉलेज, मुरादनगर के प्रोस्थोडोंटिक्स विभाग ने पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग के सहयोग से जरूरतमंद एवं बुजुर्ग मरीजों के लिए दो दिवसीय निशुल्क डेन्चर शिविर का आयोजन किया। 24 और 30 सितंबर को आयोजित शिविर का उद्देश्य ऐसे वरिष्ठ नागरिकों को कृत्रिम दांत उपलब्ध कराना रहा, जो किसी कारणवश डेन्चर की सुविधा प्राप्त नहीं कर पा रहे थे। शिविर में 104 से अधिक बुजुर्ग मरीजों को निशुल्क डेन्चर प्रदान किए गए। आईटीएस-द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा और वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा की प्रेरणा से आयोजित इस शिविर को मरीजों की सुविधा और बेहतर मौखिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए संचालित किया गया। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे मरीजों की विशेषज्ञ दंत चिकित्सकों द्वारा निशुल्क मौखिक जांच की गई। जांच के दौरान मरीजों को दांतों एवं मुंह की स्वच्छता बनाए रखने के साथ नियमित देखभाल के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। शिविर में मरीजों को कृत्रिम दांतों के विभिन्न विकल्पों के बारे में जानकारी देने के साथ डेन्चर के सही इस्तेमाल और रखरखाव की जानकारी भी दी गई। चिकित्सकों ने बुजुर्ग मरीजों को बताया कि उचित डेन्चर से भोजन करने में सुविधा के साथ चेहरे की बनावट और आत्मविश्वास बनाए रखने में भी मदद मिलती है। मरीजों की सुविधा के लिए संस्थान की ओर से भोजन और परिवहन की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई। शिविर की खास बात यह रही कि मरीजों को लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ा। डेंटल ओपीडी में आने वाले पात्र मरीजों के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर दो दिन के भीतर डेन्चर उपलब्ध कराए गए। इससे बुजुर्ग मरीजों को काफी सुविधा मिली। संस्थान की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के अच्छे स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से मौखिक स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इस अवसर पर आईटीएस डेंटल कॉलेज के डायरेक्टर-प्रिंसिपल डॉ. देवी चरण शेट्टी, डीन तथा सभी दंत विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। शिविर में चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने मरीजों को डेन्चर के साथ-साथ जबड़ों और मौखिक स्वास्थ्य के रखरखाव के बारे में भी जागरूक किया। निशुल्क डेन्चर मिलने के बाद बुजुर्ग मरीजों ने संस्थान की इस पहल की सराहना की। मरीजों ने आईटीएस-द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा और वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह की पहल जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों के लिए काफी उपयोगी साबित होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button