गाजियाबाद

त्योहारों पर सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं, सड़कों पर उतरे डीसीपी, बाजारों में किया सुरक्षा का सख्त पहरा

गाजियाबाद। त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाडऩे और लोगों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के खिलाफ पुलिस पूरी तरह सतर्क है। बाजारों में भीड़ का फायदा उठाकर किसी तरह की अप्रिय घटना को अंजाम देने वालों पर नजर रखने के लिए पुलिस अधिकारियों ने सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल ली है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन ऋजुल ने इंदिरापुरम और कौशांबी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उनकी इस कार्रवाई से बाजारों में पुलिस की सक्रियता दिखाई दी और आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिला। डीसीपी ऋजुल ने सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम, थाना प्रभारी इंदिरापुरम और पुलिस बल के साथ बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों तथा संवेदनशील स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के प्रति किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बाजारों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ पुलिस की नियमित गश्त भी सुनिश्चित की जाए।
पैदल गश्त के दौरान डीसीपी ने स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और व्यापारियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बाजारों में सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही लोगों को भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान उनकी सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, असामाजिक गतिविधि अथवा आपराधिक घटना की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है। डीसीपी ऋजुल ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बनी रहे और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति भंग करने, अराजकता फैलाने या लोगों की सुरक्षा प्रभावित करने का प्रयास करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। पैदल गश्त के जरिए पुलिस ने यह संदेश दिया कि त्योहारों में आम नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। डीसीपी की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय बनाए रखने के साथ आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना रहा। पुलिस की सक्रियता से बाजारों में सुरक्षित माहौल बनाए रखने और त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराने पर जोर दिया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button