गाजियाबाद

गाजियाबाद में 9 से 17 अगस्त तक तिरंगे का उत्सव, हर घर-हर प्रतिष्ठान पर शान से लहराएगा राष्ट्रध्वज-डीएम ने दिए सख्त निर्देश, तिरंगा रैलियों से देशभक्ति कार्यक्रमों तक दिखेगा उत्साह 

गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गाजियाबाद में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा  अभियान उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई, जिसमें अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जन-जन का उत्सव बनाया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों, सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक भवनों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। ग्राम पंचायतों से लेकर तहसील, विकासखंड और जिला स्तर के सरकारी कार्यालयों तक तिरंगा फहराने के साथ भवनों पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और सजावट कराई जाए। अभियान के दौरान तिरंगा रैलियां, देशभक्ति कंसर्ट, रंगोली और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के साथ राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन भी कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्वतंत्रता दिवस से जुड़े सभी कार्यक्रम गरिमापूर्ण और भव्य ढंग से आयोजित किए जाएं, ताकि युवा, महिलाएं, विद्यार्थी और आम नागरिक अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ सकें। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि तिरंगा फहराते समय भारतीय ध्वज संहिता का पूरी तरह पालन किया जाए। कहीं भी उल्टा, फटा, कटा अथवा झुका हुआ तिरंगा दिखाई नहीं देना चाहिए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान के दौरान ध्वज के सम्मान और निर्धारित नियमों का विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस  भी गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से विभाजन के दौरान प्रभावित हुए लोगों की पीड़ा और उनके संघर्ष को याद किया जाएगा। ‘हर घर तिरंगा  अभियान को डिजिटल माध्यम से भी व्यापक बनाने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने नागरिकों के साथ-साथ अधिकारियों और कर्मचारियों को तिरंगा फहराने के बाद ‘हर घर तिरंगा  वेबसाइट पर सेल्फी अपलोड करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी जिला स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि 9 अगस्त से जनपद में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का उत्सव पूरी भव्यता के साथ दिखाई दे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button