गाजियाबाद

छह करोड़ की लागत से संवरेंगे शहर के छह सामुदायिक भवन,  लाखों लोगों को मिलेगा लाभ

गाजियाबाद। शहरवासियों को स्थानीय स्तर पर कार्यक्रमों के लिए बेहतर और किफायती स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम द्वारा शहर के छह अलग-अलग वार्डों में करीब छह करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक भवनों के निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इन सभी कार्यों को इसी वर्ष पूरा कर जनता के उपयोग के लिए समर्पित करने की तैयारी है। इन सामुदायिक भवनों का लाभ संबंधित छह वार्डों के साथ आसपास के क्षेत्रों में रहने वाली लाखों की आबादी को भी मिलेगा।
नगर निगम की ओर से वार्ड 65 विवेकानंद नगर में सामुदायिक भवन के सौंदर्यीकरण पर करीब 76 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वार्ड 11 नंदग्राम में सामुदायिक भवन का निर्माण करीब एक करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। वार्ड 56 चिरंजीव विहार में करीब 80 लाख रुपये, वार्ड 60 श्याम पार्क मेन में करीब एक करोड़ 40 लाख रुपये और वार्ड 38 अर्थला में करीब 79 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवनों के सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है। वहीं वार्ड 25 चाणक्य चौक स्थित सामुदायिक भवन के सौंदर्यीकरण पर करीब 26 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। स्थानीय पार्षदों की ओर से लंबे समय से सामुदायिक भवनों के निर्माण और सौंदर्यीकरण की मांग की जा रही थी। स्थानीय स्तर पर शादी-विवाह, सामाजिक, धार्मिक और अन्य कार्यक्रमों के आयोजन के लिए लोगों को उचित स्थान नहीं मिल पाता है। इसके चलते उन्हें महंगे फार्महाउस, बैंक्वेट हॉल या अन्य निजी स्थलों का सहारा लेना पड़ता है। स्थानीय लोगों की इस समस्या को देखते हुए नगर निगम ने अवस्थापना निधि से इन कार्यों को कराने का निर्णय लिया। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि नगर निगम लगातार शहर के विकास और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। शहर का अधिकांश हिस्सा शहरी क्षेत्र में आता है और यहां किसी भी सामाजिक या पारिवारिक कार्यक्रम के लिए निजी बैंक्वेट हॉल अथवा फार्महाउस बुक करना आम लोगों के लिए काफी महंगा पड़ता है। ऐसे में सामुदायिक भवन आम जनता के लिए बेहद उपयोगी सुविधा साबित होंगे। उन्होंने कहा कि इन भवनों के तैयार होने के बाद स्थानीय लोगों को अपने ही क्षेत्र में किफायती दर पर कार्यक्रम आयोजित करने की सुविधा मिलेगी। नगर निगम में पहले से सामुदायिक भवनों की बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओÓ के आधार पर की जाती है। नए सामुदायिक भवनों के लिए भी इसी व्यवस्था के तहत बुकिंग की जाएगी। महापौर ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि शहर के सभी वार्डों में जनता को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। सामुदायिक भवन भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण सुविधा है। छह भवनों के तैयार होने से संबंधित वार्डों के अलावा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button