योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने में देरी बर्दाश्त नहीं, समयबद्ध लाभ देने के निर्देश

गाजियाबाद। पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचाने के लिए शासन स्तर पर समीक्षा तेज कर दी गई है। गुरुवार को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप ने वर्चुअल माध्यम से दोनों विभागों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की प्रगति पर विशेष जोर दिया गया। राज्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पात्र छात्रों को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ निर्धारित समय के भीतर उपलब्ध कराया जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो और पात्र विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
बैठक में शादी अनुदान योजना की भी विस्तार से समीक्षा की गई। राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों का चयन पारदर्शी तरीके से करते हुए उन्हें शीघ्र अनुदान का लाभ दिया जाए। समीक्षा बैठक में विभिन्न जिलों के नए लाभार्थी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस दौरान योजना के लाभार्थियों से जुड़ी प्रगति की जानकारी भी ली गई। गाजियाबाद जनपद से भी शादी अनुदान योजना के तीन लाभार्थी समीक्षा बैठक से जुड़े। बैठक समाप्त होने के बाद तीनों लाभार्थियों को अनुदान प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रशांत सिंह ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। वर्चुअल बैठक में प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह, निदेशक उमेश प्रताप सिंह सहित सभी मंडलीय उपनिदेशक और जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी जुड़े। बैठक में विभागीय योजनाओं को अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने, लंबित प्रकरणों का समय से निस्तारण करने और लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया। बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई।



